
इधर कांग्रेस की रैली का शोर,उधर सीएम धामी से मिले भाजपा अध्यक्ष भट्ट, मंत्री गणेश जोशी व पूर्व मंत्री प्रेम अग्रवाल
मंत्रिमंडल विस्तार व दायित्व बांटे जाने की अटकलें, कुछ को टिकट की भी चिंता
पहाड़ का सच देहरादून। कई मुद्दों पर विपक्ष के निशाने पर आए सत्तारूढ़ दल में कोर कमेटी की बैठक के बाद फिर हलचल बढ़ी है। सोमवार को कांग्रेस की राजभवन घेराव रैली के शोर के बीच सीएम आवास पर भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पूर्व मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल व विधायक खजान दास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बातचीत की। बताया जाता है कि मंत्रिमंडल विस्तार व दायित्व आवंटन के विषय पर इनके बीच बातचीत हुई है।

बीते हफ्ते भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने वरिष्ठ नेताओं को मूल मंत्र दिया। कोर ग्रुप की बैठक के बाद भाजपा के एक गुट(जिसमें एक पूर्व सीएम भी मौजूद थे) ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से अकेले बन्द कमरे में चर्चा की। यह वार्तालाप सत्ता के गलियारे में चर्चा का विषय बनी हुई है।
सूत्रों का कहना है कि भाजपा के इस वरिष्ठ ग्रुप ने दायित्वधारियों की सूची में उनके समर्थकों के नाम कटने पर महेंद्र भट्ट से खुलकर नाराजगी जताई। .चर्चा यह रही कि जो सूची दिल्ली भेजी गई है उनमें इन वरिष्ठ नेताओं की पसंद के नाम नहीं थे। लिहाजा, इस मुद्दे पर नाराज ग्रुप ने प्रदेश संगठन अध्यक्ष के सामने अपना रुख साफ कर दिया।सूत्रों का कहना है कि यह सब कुछ नड्डा व सीएम के कोर ग्रुप की बैठक से जाने के बाद हुआ।

भाजपा विधायक अरविंद पांडे के बयानों के बाद बिगड़े हालातों के बीच भाजपा के एक गुट का लगातार किसी न किसी मुद्दे पर अंदरखाने जारी खेल से यह साफ हो गया है कि भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
उधर, मंत्रिमंडल विस्तार व दायित्वधारियों के मुद्दे पर पार्टी के कई विधायक व नेता सीएम धामी से भी लगातार मिल रहे हैं। कुछ नेता कैबिनेट में आने के लिए सीएम धामी की परिक्रमा भी कर रहे हैं। कोर ग्रुप की बैठक के सरकार-संगठन के समन्वय बनाने के अलावा भाजपा के अंदर धामी सरकार के चार साल पूरा होने पर 23 मार्च को विशाल रैली के आयोजन पर सहमति बनी। इस रैली के जरिये भाजपा पीएम मोदी या अमित शाह की मौजूदगी में चुनावी अभियान का श्री गणेश करेगी।

सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पूर्व मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल व राजपुर के विधायक खजान दास ने सीएम धामी से मुख्यमंत्री आवास में भेंट की। सूत्रों का कहना है कि भट्ट ने कोर कमेटी की बैठक के बाद कुछ नेताओं की उनके साथ हुई बैठक की सीएम को जानकारी दी। मंत्री बनने के बाद गणेश जोशी अलग अलग मुद्दों को लेकर चर्चाओं में हैं ,कई विवादित मुद्दे भी इस चर्चा में शामिल हैं। उनके सामने भी यथास्थिति बनाए रखने की चुनौती है।
पूर्व मंत्री व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल समुदाय विशेष के लिए मंत्री रहते की गई अपनी एक टिप्पणी से निशाने पर हैं। विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी को लेकर वे चिंतित बताए जाते हैं। धामी मंत्रिमंडल विस्तार की जब भी अटकलें लगीं, राजपुर विधायक खजान दास का नाम हर बार मंत्री पद की दौड़ शामिल रहा। लगता है उन्हें अभी भी उम्मीद है।

