
कांग्रेस से डरी है भाजपा सरकार, पुलिस अफसर लगवा रहे कांग्रेस के खिलाफ नारे: गोदियाल
किसी से छिपा नहीं, अपराधियों को संरक्षण दे रही सरकार: प्रीतम सिंह
कांग्रेस को जनहित से कोई लेना देना नहीं, प्रदर्शन के पीछे चुनावी बुखार : भाजपा प्रवक्ता
पहाड़ का सच देहरादून। महिला अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था व जंगली जानवरों के हमलों के
खिलाफ कांग्रेस के राजभवन घेराव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कांग्रेस ने रविवार को परेड ग्राउंड से आसमान में गुब्बारे उड़ाकर कल से आंदोलन का मानो शंखनाद किया हो।

इस बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल का एक बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन के दिन पुलिस के एक बड़े अधिकारी ने कांग्रेस के विरोध में नारे लगवाए जिसके उनके पास पुख्ता प्रणाम हैं। उनका सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।उनका कहना है कि सरकार का जनता के हितों पर कोई ध्यान नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के साथ सरकार की सांठगांठ है। नौकरियों को बेचने का कारोबार चलाने वाली सरकार का शराब और खनन आय का मुख्य साधन बना है। गोदियाल ने आरोप लगाया कि पुलिस मुख्यालय कूच के दिन सरकार की शह पर पुलिस के एक बड़े अधिकारी ने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगवाए जिसके उनके पास पुख्ता सबूत हैं।

पीसीसी अध्यक्ष ने कहा भाजपा सरकार कांग्रेस की सक्रियता से डरी हुई है इसीलिए अराजकता फैलाने वाले काम कर रही है। मीडिया के एक सवाल के जबाव में गोदियाल ने कहा कि जब जब सरकार संकट में होती है तो सीएम और भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट कह देते हैं कि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है। महेंद्र भट्ट पिछले चार साल में दस बार कैबिनेट विस्तार का दावा कर चुके हैं। सरकार की असलियत अब आम भाजपाई भी जान चुका है।
राजभवन घेराव कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने कार्यक्रम स्थल परेड ग्राउंड पहुंचकर महिला अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था, बढती महंगाई के सांकेतिक गुब्बारे उड़ाकर भाजपा सरकार को प्रदेश की सत्ता से उखड फेंकने का आह्वान किया।
इस अवसर प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने तय कर दिया है कि 16 फरवरी 2026 को होने वाले कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा सरकार के ताबूत में अंतिम कील ठोकने का काम किया जायेगा।
कांग्रेस का प्रदर्शन सिर्फ चुनावी बुखार: भाजपा
भाजपा ने कांग्रेसी प्रदर्शन को देवभूमि के चहुमुखी विकास से ध्यान भटकाने और समय पूर्व चुनावी बुखार चढ़ने का नतीजा बताया है। प्रदेश मीडिया महामंत्री कुंदन परिहार ने व्यंग किया कि ऐसे राजनीतिक कार्यक्रमों का जनमुद्दों से दूर दूर तक जनहित से कोई सरोकार नहीं है, सिवाय कांग्रेस नेताओं की अपनी अपनी राजनैतिक बेरोजगारी दूर करने के।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उनकी सरकार जनकल्याण एवं विकास के लिए एक एक क्षण का उपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में विपक्ष मुद्दाविहीन और विचारहीन हो गया। वे बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध, विकास और जनकल्याण आदि तमाम मुद्दों को लेकर झूठ और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं जबकि जनता राज्य में कल्याणकारी सरकार की अवधारणा को फलीभूत होते देख और महसूस कर रही है। कांग्रेस पार्टी के अंदर इस सत्य को स्वीकारने का साहस नहीं है, तभी वह लगातार झूठ, भ्रम और प्रपंच की राजनीति में जुटी है।
देश में 2014 और प्रदेश में 2017 के बाद लगातार पराजय से हताश निराश कांग्रेस पार्टी पूरी तरह बौखलाई हुई है। उनके नेता जमीनी हकीकत और जनमुद्दों से पूरी तरह कटे और आपस में बंटे हुए हैं। यही वजह है कि जन समस्याओं को लेकर सड़क और सदन दोनों जगह सोने वाली कांग्रेस पार्टी, चुनाव की आहट से जग गई है। उनके नेताओं को राष्ट्र समाज निर्माण या जनसरोकारों से कोई मतलब नहीं रहता है। बस अंतर इतना है कि चुनाव के लिए जीने मरने वाली कांग्रेस पर चुनावी बुखार समय से पहले चढ़ने लगा है।

