
देहरादून। राजधानी के पॉश इलाके राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में शुक्रवार सुबह एक युवक पर अज्ञात हमलावर ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात मॉल परिसर में स्थित जिम के बाहर हुई, जहां से निकलते ही हमलावर ने युवक को निशाना बनाया।
मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गोली चलने की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और लोग इधर-उधर भागने लगे। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मॉल परिसर को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत विवाद की संभावना जताई जा रही है, हालांकि पुलिस किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं कर रही है। राजधानी के वीवीआईपी माने जाने वाले क्षेत्र में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

