
बागेश्वर। जनपद के बैजनाथ में पिता की डांट से आहत 18 वर्षीय युवक ने सोमवार देर रात प्रसिद्ध बैजनाथ झील में छलांग लगा दी। झील में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
मिली जानकारी अनुसार चौसरा निवासी सिमथ उर्फ अंशु ग्रेडी (18) पुत्र मोहित ग्रैंडी सोमवार रात करीब 9:45 बजे बैजनाथ झील पहुंचा और अचानक झील में कूद गया। मंदिर परिसर की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड हरीश चंद्र ने युवक को झील में छलांग लगाते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बैजनाथ कोतवाली पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद युवक को झील से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मंगलवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सीओ अजय लाल शाह ने बताया कि युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की आशंका है, मामले की जांच की जा रही है।

