
रुद्रप्रयाग। जिले के सोनप्रयाग इलाके के रामपुर के न्यालसू जंगल क्षेत्र में मंगलवार को दोपहर के समय घास काटने गईं एक महिला की खड़ी पहाड़ी से फिसलने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान गीता देवी उम्र 40 वर्ष पत्नी गजपाल सिंह, निवासी रामपुर न्यालसू के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की सोनप्रयाग पोस्ट से उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में त्वरित रेस्क्यू टीम रवाना हुई। टीम ने पहले सड़क मार्ग से रामपुर गांव तक पहुंच बनाई, फिर मंदाकिनी नदी को पैदल पार करते हुए करीब 2 किमी की अत्यंत खड़ी और चुनौतीपूर्ण चढ़ाई पूरी की।
मौके पर पहुंचकर टीम ने पाया कि गीता देवी की दुर्भाग्यवश घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। विशेष उपकरणों और टीमवर्क की मदद से रेस्क्यू टीम ने शव को लगभग 3 किमी की दुर्गम पैदल दूरी तय कर नीचे सुरक्षित लाया और इसे पुलिस के हवाले कर दिया। परिवार में इस खबर से कोहराम मच गया है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने शोक संतप्त परिजनों को हरसंभव मदद और सहायता का भरोसा दिया है।

