
कोटद्वार। विजिलेंस टीम ने सोमवार को फायर स्टेशन में तैनात लीडिंग फायरमैन रणवीर सिंह को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एक निजी स्कूल को फायर एनओसी जारी कराने के नाम पर पैसे मांग रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसके आवास पर भी छापेमारी की गई है। मंगलवार को उसे स्पेशल विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार, कोटद्वार के एक निजी स्कूल ने फायर एनओसी के लिए विधिवत आवेदन किया था। आवेदन के साथ स्कूल प्रबंधन ने सभी जरूरी सुरक्षा मानकों और अग्निशमन उपकरणों से जुड़े दस्तावेज भी जमा किए थे। इस फाइल की जांच की जिम्मेदारी लीडिंग फायरमैन रणवीर सिंह को सौंपी गई थी। बताया गया है कि रणवीर सिंह अपनी टीम के साथ स्कूल का निरीक्षण भी कर चुका था और औपचारिकताएं पूरी हो चुकी थीं। इसके बावजूद वह फाइल को उच्चाधिकारियों के पास अग्रसारित नहीं कर रहा था। जब स्कूल प्रबंधन ने देरी का कारण पूछा तो उसने 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर दी।
स्कूल प्रबंधन ने इतनी बड़ी रकम देने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी 20 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया। रिश्वत की मांग से परेशान स्कूल प्रबंधन ने डायल 164 पर शिकायत दर्ज कराई। सोमवार को आरोपी ने स्कूल प्रबंधक को रिश्वत की रकम लेकर फायर स्टेशन के पास बुलाया। जैसे ही उसने 20 हजार रुपये लिए, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। मौके पर ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई।

