
रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की के झबरेड़ा क्षेत्र के एक गांव से एक शिक्षक पर आरोप लगा है कि उसने स्कूल में पढ़ने वाले एक नाबालिग छात्र के साथ उसने अश्लील हरकत की है। पीड़ित छात्र के परिजनों ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है। शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की गई है।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार झबरेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण का नाबालिग बेटा क्षेत्र के ही एक प्राइवेट पब्लिक स्कूल में कक्षा एक का छात्र है। 6 फरवरी शुक्रवार के दिन वह पढ़ाई करने के लिए स्कूल में गया था। आरोप है कि इसी दौरान स्कूल के एक शिक्षक ने उसके साथ अश्लील हरकत कर दी। आरोप है कि उसे गलत तरीके से छुआ भी गया। जब छात्र स्कूल की छुट्टी होने के बाद अपने घर गया तो उसने पूरे मामले की जानकारी अपने परिवार के लोगों को दी। इसका पता चलने पर परिवार के लोगों के पांव तले की जमीन खिसक गई। वे गुस्से में आग बबूला हो गए।
जिसके बाद परिवार के लोग बच्चे को लेकर झबरेड़ा थाने पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छात्र का मेडिकल कराया। इसी के साथ पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मामले में शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस स्कूल के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। इसी के साथ अन्य शिक्षकों से भी इस घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है, साथ ही आरोपी शिक्षक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

