
– नैनीडांडा के डुंगरी में लगा शिविर, उपजिलाधिकारी ने सुनीं स्थानीय लोगों की समस्याएं
पौड़ी/ नैनीडांडा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन पर प्रदेशभर में संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड नैनीडांडा की न्याय पंचायत डुंगरी में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना गया और मौके पर ही अधिकांश शिकायतों का निस्तारण किया गया। शिविर में कुल 19 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का त्वरित समाधान किया गया। वहीं 250 लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं के तहत लाभान्वित भी किया गया। शिविर में 530 लोगों ने प्रतिभाग किया।

शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी धुमाकोट श्रेष्ठ गुनसोला ने की। उन्होंने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण नहीं हो पाया है, उनका समाधान शीघ्रता से सुनिश्चित किया जाए। उपजिलाधिकारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध हो, ताकि जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गयी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ प्रदान किया गया। उपजिलाधिकारी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं की सही जानकारी और समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी, खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

