
पहाड़ का सच पिथौरागढ़। राज्य की सीमा से सटे नेपाल के बैतडी जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बस में सवार 13 लोगों की जान चली गई जबकि 34 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। बारात की बस दुल्हन लेकर वापस लौट रही थी। .जानकारी के अनुसार बैतडी से बजांग जा रही बारातियों से भरी एक बस पुरचूंणी नगर पालिका क्षेत्र में बड़गांव मोड पर अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस भयावह हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 बाराती घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुल्हन लेकर जा रही थी बस
हादसे का शिकार हुई बस पुरचूंणी के भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा गांव जा रही थी। बस में क्षमता से कहीं अधिक लोग सवार थे, जिससे चढ़ाई के दौरान वाहन संतुलन खो बैठा और खाई में जा गिरा।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अंधेरे और दुर्गम इलाके के बावजूद रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पुलिस के अनुसार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 5 घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। 2 की मौत कोटिला अस्पताल में हुई
हादसे में घायल 25 लोगों का इलाज डडेलधुरा अस्पताल में चल रहा है, जबकि 5 गंभीर घायलों को धनगढी रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है।
चालक हिरासत में, जांच शुरू
पुलिस ने बस चालक वीरेंद्र बुढा को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस ओवरलोड थी और चढ़ाई के दौरान नियंत्रण बिगड़ने से यह बड़ा हादसा हुआ।
हादसे के बाद नेपाल के बैतडी और बजांग जिलों के साथ-साथ भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में भी शोक की लहर है। जिन घरों में शादी की शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा हुआ है।

