
पहाड़ का सच/एजेंसी।

नई दिल्ली। देश की राजधानी के महरौली इलाके में युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी को बेरहमी से पीटा गया। युवक को बुरी तरह से पीटने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार कारोबारी मुकेश कुमार अपने परिवार के साथ संगम विहार इलाके में रहते हैं। मुकेश का ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। मुकेश कुमार के भाई ने बताया कि सोमवार को उनके मामा के घर शादी थी। पूरा परिवार शादी में शामिल होने के लिए गया था। देर रात सभी घर लौट आए, लेकिन मुकेश वहां रूक गया। मंगलवार तड़के मुकेश अपने घर वापस आने के लिए निकला था। इसी दौरान उसने इग्नू रोड पर रास्ते में एक चाय की दुकान देखी और वह चाय पीने के लिए रूक गया।
चाय की दुकान पर पहले से चार युवक और तीन युवती बैठे हुए थे। चारों लड़के वहां बैठी लड़कियों पर अश्लील कमेंट करने लगे और उनके साथ छेड़छाड़ करने लगे। मुकेश ने उनका विरोध किया। इस पर गुस्साए आरोपी मुकेश से बहस करने लगे। बहस झगड़े में बदल गई और आरोपियों ने उसके जमीन में गिराकर जमकर पीटा।
महरौली थाना पुलिस ने मामले में युवती के बयान पर संबंधित धारा में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कारोबारी को इलाज के लिए एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
वारदात से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें तीन से चार आरोपियों द्वारा युवक को घसीटते हुए पीटा जा रहा है और युवक सड़क पर बेसुध अवस्था में पड़ा है। घटना मंगलवार तड़के की बताई जा रही है।
