
अल्मोड़ा। जिले द्वाराहाट के राजस्व क्षेत्र से गायब हुई नाबालिग को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरियाणा के गुड़गांव से सकुशल बरामद कर लिया है। किशोरी को बहका फुसलाकर ले जाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 27 जनवरी 2026 को राजस्व क्षेत्र के एक निवासी ने अपने गांव की एक नाबालिग किशोरी के गुमशुदा होने की तहरीर संबंधित राजस्व पुलिस को दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए 29 जनवरी को विवेचना नियमित पुलिस कोतवाली द्वाराहाट को हस्तांतरित कर दी गई।
इसके बाद एसएसपी देवेंद्र पींचा के निर्देश पर गुमशुदा नाबालिग की तलाश और संभावित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह एवं क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली द्वाराहाट विनोद जोशी तथा एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने व्यापक स्तर पर खोजबीन शुरू की।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सहारा लेकर सर्विलांस टीम की सहायता से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान पुलिस टीमें दिल्ली, गुड़गांव और बिहार के माधोपुर क्षेत्र समेत विभिन्न स्थानों पर सक्रिय रही। पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता 31 जनवरी को मिली, जब गुमशुदा किशोरी को गुड़गांव से बरामद कर लिया गया।
मौके से खुशदिल (20 वर्ष), पुत्र मोहम्मद मुस्ताक, निवासी माधोपुर, थाना छातापुर, जिला सुपौल बिहार को गिरफ्तार किया गया। किशोरी को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।पीड़िता के बयानों के आधार पर दर्ज अभियोग में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना गहनता से की जा रही है और संबंधित तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। परिजनों ने पुलिस टीम मे शामिल टीम का आभार प्रकट किया।
