
– फर्जी दस्तावेज बनाने वाले पुलिस के रडार पर

देहरादून। पटेलनगर थाना पुलिस ने संस्कृति लोक कॉलोनी से एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। यह पिछले दो साल से नाम बदलकर और फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे यहां रह रही थी। महिला के पास से कई फर्जी दस्तावेज और एक बांग्लादेशी पहचान पत्र बरामद हुआ है।
एसएसपी देहरादून के मुताबिक पुलिस की पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुबेदा बेगम (40 वर्ष) पुत्री सादिक मियां निवासी बांग्लादेश बताया। इसने करीब चार साल पहले कोविड काल के दौरान उसने अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में प्रवेश किया था। दो साल पश्चिम बंगाल में रहने के दौरान उसने वहां के निवासी कौशर शाह से निकाह कर लिया। करीब दो साल पहले वह अपने पति के साथ देहरादून आई थी। उसका पति दुबई में काम कर रहा है और वह यहां घरों में झाड़ू-पोछा कर अपना गुजारा कर रही थी।
पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है जिन्होंने महिला को फर्जी जन्म प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज बनाने में मदद की। एसएसपी ने बताया कि बिना दस्तावेजों की जांच किए वोटर कार्ड बनाने वाले विभाग के संबंधित कर्मी भी पुलिस के रडार पर हैं। महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
