Lavc57.107.100

पहाड़ का सच/एजेंसी।

मथुरा। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत रविवार को सात दिनों के प्रवास पर मथुरा पहुंचे। वह आज वृंदावन के केशव धाम में राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक में शामिल होंगे। उनके अलावा प्रांत प्रचारक, सभी अनुसांगिक संगठनों के अध्यक्ष और संगठन महामंत्री भी मौजूद रहेंगे। 3 दिनों तक चलने वाली बैठक का शुभारंभ शाम को होगा।
आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत 10 जनवरी तक वृंदावन में प्रवास करेंगे। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक गलियारों में बैठक की महत्ता को लेकर हलचल तेज है।
मोहन भागवत सुबह में 7 बजे के करीब भोपाल से तेलंगाना एक्सप्रेस से मथुरा जंक्शन पहुंचे। यहां पर संघ के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पुलिस के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
ई कार्ट से स्टेशन उन्हें स्टेशन के बाहर लाया गया। उसके बाद उन्हें गाड़ी में बिठाया गया। यहां से कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें वृंदावन के केशव धाम लाया गया। इस समय वह केशव धाम में ठहरे हैं। प्रवास खत्म होने तक यही पर रहेंगे।
संघ प्रमुख बैठक खत्म होने के बाद संपर्क कार्यक्रम के तहत विभिन्न राजनीतिक,सामाजिक,आध्यात्मिक,सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं। वह 10 जनवरी को केशव धाम से निकल कर अक्षय पात्र परिसर जायेंगे। इसके बाद शाम को सुदामा कुटी आश्रम के शताब्दी महोत्सव में शामिल होंगे। शताब्दी महोत्सव का शुभारंभ करने के बाद संघ प्रमुख यहीं से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
