
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पेशावर कांड के नायक वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली’, उत्तराखंड के गांधी स्वर्गीय इंद्रमणी बडोनी व पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई तीनों को उनकी जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली’ की जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने देश की आज़ादी के लिए आंदोलनरत निहत्थी जनता पर गोली चलाने के आदेश को अस्वीकार कर अद्वितीय देशभक्ति, साहस एवं नैतिक दृढ़ता का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आज़ादी के संघर्ष में ‘पेशावर कांड’ एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा है। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में यह घटना मील का पत्थर सिद्ध हुई, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और क्रांतिकारी आधार प्रदान किया।
सीएम धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के गांधी के नाम से विख्यात, महान राज्य आंदोलनकारी इंद्रमणि बडोनी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बडोनी के राज्य निर्माण आंदोलन में दिए गए अमूल्य योगदान को भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन संघर्ष, त्याग और जनसेवा को समर्पित रहा है।बडोनी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन को दिशा और जनशक्ति प्रदान की। उनके विचार, संकल्प और राज्यहित के प्रति निस्वार्थ सेवा भाव आज भी हम सबके लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनके आदर्शों पर चलते हुए उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सतत् कार्य कर रही है। .सीएम धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि अटल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व हमें सदैव प्रेरणा देता रहेगा। अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर उन्हें नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी कुशल प्रशासक, दूरदर्शी राजनीतिज्ञ, लोकप्रिय जननेता तथा महान वक्ता थे। स्व. वाजपेयी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि था। अटल जी उत्तराखण्ड राज्य के प्रणेता रहे हैं।
उन्होंने न केवल उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण किया, बल्कि राज्य के समग्र विकास के लिए मजबूत आधार भी तैयार किया। स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री रहते हुए राज्य निर्माण के साथ-साथ विशेष औद्योगिक पैकेज प्रदान कर उत्तराखण्ड के विकास की सुदृढ़ नींव रखने का महान कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी नई पहचान बनाई और 21वीं सदी में मजबूती के साथ कदम बढ़ाया। उनमें सभी को साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता थी। उनकी दूरगामी सोच, साहित्यिक रचनाए, पोखरण परमाणु परीक्षण तथा कारगिल युद्ध में भारत को मिली विजय के लिए उन्हें सदैव स्मरण किया जाएगा।
