
चमोली। जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र से नाबालिग किशोरी को भगा ले जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने किशोरी को सकुशल ढूंढते हुए आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़ित पक्ष ने 7 नवंबर को थाने में लिखित तहरीर दी थी. जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि गत 7 नवंबर को थाना क्षेत्र के एक गांव के एक वादी ने थाने में एक लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में कहा गया था कि उनकी नाबालिग बेटी को 5 नवंबर को विकासखंड थराली के रतगांव निवासी युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। तहरीर के आधार पर थाना थराली में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके साथ ही इस घटना की जानकारी पुलिस उच्चाधिकारियों को दी गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर नाबालिग की सुरक्षित ढूंढ खोज सुनिश्चित करने के लिए उनके नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम द्वारा तकनीकी सहायता और मानवीय सूचना का उपयोग करते हुए गहन खोजबीन शुरू की गई। पुलिस टीम ने नाबालिग किशोरी को आरोपी युवक के कब्जे से सकुशल छुड़ा लिया। इसके बाद किशोरी का बयान दर्ज कराया गया।
बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया. इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया, महिला उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल, कांस्टेबल नीतीश व महिला कांस्टेबल शाहीन शामिल थे।
