
पहाड़ का सच/एजेंसी।

जबलपुर। शताब्दी वर्ष के दौरान संघ खुद के तय किए गए एक लाख मंडलों-बस्तियों में हिंदू सम्मेलनों का आयोजन करेगा। जबलपुर में बृहस्पतिवार से शुरू हो रही अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में शताब्दी वर्ष में तय किए गए अन्य सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत समेत सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, 46 प्रांत के सभी वरिष्ठ अधिकारी समेत 407 कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।
यह जानकारी संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक होने जा रही कार्यकारी मंडल की बैठक में सरसंघचालक, सरकार्यवाह, सहकार्यवाह समेत 407 कार्यकर्ता शामिल होंगे।
बैठक में शताब्दी वर्ष से जुड़े अपने अनुभवों को संघ पदाधिकारी साझा करेंगे तथा नई नीति व विषयों पर मंथन होगा। बैठक में बस्ती-मंडल स्तर पर होने वाले हिंदू सम्मेलन की कार्ययोजना पर चर्चा होगी। साथ ही शताब्दी वर्ष पर प्रारंभ होने वाले सघन गृह संपर्क अभियान पर चर्चा की जाएगी। विशेषरूप से युवाओं को संघ से जोड़ने के लिए विशेष आयोजन होंगे।
संघ का पंच परिवर्तन का संदेश
“पंच परिवर्तन का संदेश सामाजिक परिवर्तन की दृष्टि से कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण के अनुकूल जीवन शैली, अभिव्यक्ति का विषय और नागरिक कर्तव्य बोध के विषय पर होगा। नवंबर से जनवरी तक अधिकांश प्रांत में अभियान चलेगा।”

