

– आक्रोशित महिलाओं ने पुलिस में विधायक की शिकायत की

रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे पर तिलणी में नशे में धुत एक ट्रॉला चालक ने दो कार के साथ चार दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। जिसकी स्थानीय जनता ने जमकर धुनाई कर दी। इस दौरान हाईवे से गुजर रहे रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी की भी महिलाओं के साथ तीखी नोकझोंक हुई, जिसको लेकर आक्रोशित महिलाओं ने पुलिस में विधायक की शिकायत भी की है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 7 बजे गौचर से रुद्रप्रयाग की ओर जा रहा एक बेकाबू ट्रॉला तिलणी कस्बे में सड़क किनारे आधा दर्जन वाहनों को रौंदते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना में 2 कार, 3 स्कूटी और 1 बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई।
इधर, आक्रोशित स्थानीय लोगों ने तिलणी में जमकर विरोध किया। स्थानीय निवासियों ने कहा कि तिलणी में यह चौथी घटना हो चुकी है। इससे पहले भी यहां तीन घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बाद भी एनएच, प्रशासन और पुलिस गंभीर नहीं है। यदि स्कूल के बच्चे यहां होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
ट्रॉला हादसे के बाद हाईवे से गुजर रहे रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी को स्थानीय जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ा। जहां विधायक महिलाओं के पास पहुंचे और जाम खुलवाने का निवेदन किया, लेकिन आक्रोशित महिलाओं ने मामले में जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए विधायक भरत चौधरी को ही जमकर खरी खोटी सुना दी।
वहीं, विधायक भरत सिंह चौधरी के तेवर देखकर महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया और उन्होंने मौके पर पहुंचे कोतवाली निरीक्षक मनोज नेगी को शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने विधायक पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं.ल। पत्र सौंपने वालों में पूजा देवी, कल्पना देवी, साक्षी देवी, उषा देवी, रीना देवी, विनीता देवी, रिंकी देवी, सरोज देवी, शशी देवी, उर्मिला देवी, सरिता देवी, रुकमणी देवी के हस्ताक्षर हैं।
