
देहरादून। स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ शैलेन्द्र ने आज पटेल नगर स्थित श्री गुरु राम राय मैदान में आयोजित कार्यक्रम में दक्षिण महानगर के युवा स्वयंसेवक बंधुओं को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा संघ के शताब्दी वर्ष में अपने दायित्व को गंभीरता से निभाएं।

डॉ शैलेन्द्र ने कहा कि, “आज का युवा केवल दर्शक नहीं, बल्कि परिवर्तन का वाहक है। देश के हर कोने में युवा स्वयंसेवक राष्ट्र निर्माण के कार्यों में जुटे हैं — यही भारत की वास्तविक शक्ति है।”
उन्होंने बताया कि संघ के इस शताब्दी वर्ष में विभिन्न आयु वर्गों के युवा पूर्ण गणवेश में संघ की शाखाओं में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने युवाओं की सामाजिक सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि चाहे प्राकृतिक आपदाएँ हों या कोई भी दुर्घटना, संघ के स्वयंसेवक सदैव सेवा और सहयोग के लिए तत्पर रहते हैं।
प्रांत प्रचारक ने कहा कि भारत के युवा अपने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में अटूट विश्वास रखते हैं, और पड़ोसी देशों में हो रही राजनीतिक अस्थिरता के बावजूद देशवासियों के विश्वास को विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में और भी सशक्त बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की यह आस्था ही भारत की स्थिरता और प्रगति का मूल आधार है।
डॉ. शैलेन्द्र ने बताया कि देश के युवा न केवल समाज के भीतर समरसता का संदेश दे रहे हैं, बल्कि सीमाओं की सुरक्षा में भी अप्रत्यक्ष रूप से योगदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि असम तथा अन्य सीमावर्ती राज्यों में भौगोलिक और जनसंख्या संबंधी परिवर्तन के प्रयासों के बीच वहाँ के युवा सतर्कता और संगठन के माध्यम से स्थिति को सशक्त रूप से संभाल रहे हैं।
उन्होंने उल्लेख किया कि संघ की शाखाएँ मुनस्यारी, धारचूला जैसे सीमावर्ती गाँवों में भी निरंतर चल रही हैं, और बद्रीनाथ-केदारनाथ जैसे तीर्थ क्षेत्रों में भी शताब्दी वर्ष के विविध कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। यह दर्शाता है कि संघ की गतिविधियाँ केवल नगरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हिमालय की ऊँचाइयों तक पहुँच चुकी हैं।
अंत में डॉ शैलेन्द्र ने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज में फैले विखंडन और वैमनस्य के प्रयासों को रोकने में अग्रणी भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि “युवाओं की एकता और सजगता ही भारत के उज्जवल भविष्य की गारंटी है।”
कार्यक्रम में प्रांत सह डिग्री विद्यार्थी प्रमुख आनंद , दक्षिण महानगर के संघ चालक कैलाश मैलाना , विभाग सह प्रचारक सौरभ, विभाग कार्यवाह रविन्द्र चौहान, महानगर कार्यवाह सतेंद्र महानगर सह कार्यवाह शंकर, महानगर विद्यार्थी प्रचारक देवराज महानगर प्रचार प्रमुख मनीष बागड़ी एवं दक्षिण महानगर की शारीरिक टोली अनेक वरिष्ठ स्वयंसेवक, अधिकारीगण एवं सैकड़ों युवा उपस्थित रहे।
