

उत्तरकाशी। देहरादून जिले के दूरस्थ त्यूणी थाना क्षेत्र से सटे उत्तरकाशी के सवाली क्यारी में बड़ा हादसा हो गया। यहां टोंस नदी पर बनी झूला गरारी में बैठकर नदी पार कर रही एक किशोरी हादसे का शिकार हो गई।

मिली जानकारी अनुसार शबीना नाम की किशोरी अपने गांव बंखवाड़ लौट रही थी। उसकी छोटी बहन भी साथ थी। तभी झूला पार करते हुए अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में बह गई। आसपास के लोगों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को खबर दी। इसके बाद थाना त्यूणी की टीम प्रभारी विनय मित्तल के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ के जवान भी नदी में उतरे। मगर तेज बहाव और गहराई की वजह से अब तक तलाश सफल नहीं हो पाई है। फिलहाल सर्च अभियान जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टोंस नदी को पार करने के लिए गांव वालों के पास यही एकमात्र साधन है। सालों से लोग इस झूला गरारी पर निर्भर हैं और मजबूरी में इसी खतरनाक रास्ते से रोजाना आना जाना करते हैं। कई बार हादसे भी हो चुके हैं लेकिन अब तक कोई दूसरा विकल्प नहीं मिल पाया है। इसी लापरवाही की वजह से एक बार फिर मासूम जिंदगी दांव पर लग गई।