

चमोली। थराली तहसील के सगवाड़ा गांव में एक मकान मलबे की जद में आने से क्षतिग्रस्त हो गया। मकान में रह रहे लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई। हालांकि जान का कोई नुकसान नहीं हुआ। लेकिन थराली में जिस तरीके से लगातार भारी बारिश के चलते भूस्खलन और बाढ़ जैसे हालात लगातार बढ़ रहे हैं, ऐसे में थराली क्षेत्र भविष्य के लिए सुरक्षित नहीं दिख रहा है। यहां कभी नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है, कभी बड़ी-बड़ी पहाड़ियां टूट रही हैं। कभी सड़कें धंस जा रही हैं, जिससे थराली वासियों के लिए एक बड़ा संकट पैदा हो गया है।

वहीं थराली देवाल मोटर मार्ग पर केदारबगड़ से आगे गधेरे में भारी मलबा आने के कारण सड़क टूट चुकी है. PWD के द्वारा यहां पर जेसीबी मशीन भेज कर मार्ग को आवाजाही के लिए सुचारू करने काम शुरू किया जा रहा है.ल। एक नाले के उफान में सड़क बहने के कारण राड़ीबगड गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है।
बताते चलें कि 23 अगस्त को थराली में प्राकृतिक आपदा आई थी। भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण एक युवती की मौत हो गई थी। एक व्यक्ति लापता हो गया था। कई दिन तक थराली में रेस्क्यू ऑपरेशन चला था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद थराली पहुंचे थे। अब एक बार फिर इलाके में भूस्खलन होने से लोग डर गए हैं।