

भाजपा की दीपा दर्मवाल अध्यक्ष व कांग्रेस की देवकी बिष्ट उपाध्यक्ष बनीं

नैनीताल। जिला पंचायत चुनाव के जारी घपले के बीच निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया। भाजपा 1 वोट से अध्यक्ष का चुनाव जीत गयी।
14 अगस्त को रोके गए चुनाव परिणाम की मंगलवार को की गई घोषणा के बाद भाजपा प्रत्याशी दीपा दर्मवाल जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर विजयी रही। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी देवकी बिष्ट को उपाध्यक्ष घोषित किया गया। भाजपा की दीपा दर्मवाल ने 1 मत से कांग्रेस की पुष्पा नेगी को हराया।
कुल 27 सदस्यों में से 22 ने मतदान किया। इसमें दीपा दरमवाल को 11 वोट, जबकि पुष्पा नेगी को 10 वोट मिले। एक मत रद्द हो गया। पांच अपह्रत प्रत्याशी वोट नहीं डाल पाए थे। उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के बहादुर सिंह और कांग्रेस की देवकी बिष्ट को 11-11 वोट मिले। बराबर मत मिलने पर हुए टॉस में कांग्रेस प्रत्याशी देवकी बिष्ट उपाध्यक्ष चुनी गईं।
बीते कुछ दिन से अपह्रत सदस्यों को लेकर हाईकोर्ट में काफी जिरह चलती रही। इस चुनाव परिणाम को लेकर कांग्रेस के लोगों का कहना है कि इस नतीजे के खिलाफ पार्टी के पास हाईकोर्ट में चुनाव याचिका डालने का विकल्प है।