
पहाड़ का सच रामनगर।
सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार, जान से मारने की धमकी और जबरन वसूली जैसे गंभीर आरोपों में रामनगर पुलिस ने ब्लॉगर बिरजू मयाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बिरजू के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से लोगों को डराने-धमकाने, सोशल मीडिया पर झूठा प्रचार कर पैसे वसूलने जैसी गतिविधियों में लिप्त था।

स्थानीय ब्लॉगर की गिरफ्तारी को लेकर रामनगर कोतवाली में भाजपा कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन
बिरजू मयाल के खिलाफ रामनगर में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कोतवाली परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर गिरफ्तारी की मांग की थी। प्रदर्शनकारियों का आरोप लगाया था कि ब्लॉगर ने सोशल मीडिया पर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री दिनेश मेहरा और महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं।
27 जुलाई को थाना रामनगर में एक के बाद एक तीन शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें बिरजू मयाल पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, अवैध वसूली और महिलाओं से छेड़छाड़ जैसे संगीन आरोप लगाए गए।
पहली शिकायत ग्राम ढिकुली निवासी राकेश नैनवाल की ओर से दी गई, जिसमें उन्होंने बताया कि बिरजू ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में धारा 351(3)/352 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
