
पहाड़ का सच, रामनगर।
स्थानीय ब्लॉगर बिरजू मयाल के खिलाफ रामनगर में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कोतवाली परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ब्लॉगर ने सोशल मीडिया पर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री दिनेश मेहरा और महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि ब्लॉगर ने एक वीडियो में दिनेश मेहरा पर व्यक्तिगत आरोप लगाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया है, साथ ही भाजपा महिला कार्यकर्ताओं को लेकर भी अशोभनीय टिप्पणियां की गई हैं। उन्होंने इसे आपराधिक कृत्य बताते हुए ब्लॉगर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश मंत्री राकेश नैनवाल ने कहा कि यह ब्लॉगर बार-बार सोशल मीडिया का दुरुपयोग करता है और समाज में नफरत फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने मांग की कि या तो उसे जेल भेजा जाए या उसकी मानसिक स्थिति की जांच कराई जाए।
