
पहाड़ का सच, श्रीनगर।

श्रीनगर के चौरास क्षेत्र में अलकनंदा नदी पर बने जीवीके कंपनी के डैम के चैनल नंबर 04 के गेट के समीप एक किशोरी का शव देखा गया। आपदा जल पुलिस टीम ने डैम से शव का रेस्क्यू किया। काफी मशक्कत के बाद शव को डैम से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच के बाद शव को आगे की कार्रवाई के लिए मोर्चरी, श्रीकोट भेजा गया। शव की पहचान रुद्रप्रयाग की लापता कामाक्षी के रूप में हुई है।
कामाक्षी बीते 9 जुलाई 2025 से अपने घर से लापता चल रही थी। परिवार और प्रशासन द्वारा लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। कामाक्षी की गुमशुदगी रुद्रप्रयाग में भी दर्ज कराई गई थी। गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद से रुद्रप्रयाग पुलिस भी किशोरी की खोजबीन में जुटी हुई थी। स्थानीय स्तर पर भी किशोरी की खोजबीन और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस द्वारा खंगाले जा रहे थे।
बताते चलें कि छोटी सी बात से नाराज होकर कामाक्षी घर से कहीं चली गई थी। कामाक्षी के खोजबीन के लिए सोशल मीडिया पर उनके पिता और मामा ने कई भावुक पोस्ट भी शेयर किए थे। जिसमें कामाक्षी से नाराजगी छोड़ वापस घर आने का आग्रह किया गया था। लेकिन करीब 15 दिन बाद अब कामाक्षी का शव झील से बरामद हुआ है।
