
मुवानी-बोकटा मार्ग पर भंडारी गांव के पास हुआ हादसा

पहाड़ का सच पिथौरागढ़।
मुवानी क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में यात्रियों से भरे एक वाहन के नदी में गिरने से 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, वाहन मुवानी से बोकटा जा रहा था। भंडारी गांव के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और यह नदी में गिर गया। एसएसपी रेखा यादव ने बताया कि वाहन अपने गंतव्य से कुछ ही दूरी पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू अभियान जारी है।
वाहन दुर्घटना पर सीएम ने शोक जताया
पिथौरागढ़ जनपद में एक यात्री वाहन के अनियंत्रित होकर नदी में गिर जाने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और राहत-बचाव दलों को रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को समय पर उचित एवं निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
