
पहाड़ का सच, सतपुली/पौड़ी।

7 जून की रात को मामूली कहासुनी में सतपुली – पौड़ी राजमार्ग पर रोड कटिंग करने वाले पोकलेन ऑपरेटर ने सुमन देवरानी की हत्या कर दी थी। घटना के उपरांत आरोपी फरार हो गया था, जिसको हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया गया है
गुमखाल-सतपुली मार्ग चौड़ीकरण में लगे पोकलेन ऑपरेटर ने मशीन से कुचलकर, युवक की निर्मम हत्या
घटना के अनुसार 07 जून 2025 की रात करीब 11:30 बजे सुमन देवरानी अपने एक साथी के साथ गुमखाल से सतपुली की ओर जा रहे थे। मल्ली सतपुली के पास रोड कटिंग का कार्य चल रहा था, जहाँ सड़क खोलने को लेकर जेसीबी ऑपरेटर से सुमन की कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर ऑपरेटर ने पोकलैंड मशीन के बकेट से सुमन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस मामले में सतपुली थाने में मुकदमा संख्या 06/2025, धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।पुलिस द्वारा साक्ष्य एकत्रित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
युवक की हत्या की घटना को गम्भीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय पौडी श्री लोकेश्वर सिंह द्वारा घटना के सम्बन्ध में ठोस साक्ष्यों का संकलन कर हत्यारोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने हेतु निर्देशित किया गया। निर्गत निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक महोदय कोटद्वार चन्द्रमोहन सिंह व पुलिस उपाधीक्षक सदर त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण, थानाध्यक्ष सतपुली जगमोहन सिंह रमोला के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित पुलिस टीमों द्वारा ठोस साक्ष्यों का संकलन किया गया साथ ही फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्यों का भी संकलन किया गया है। पुलिस टीम द्वारा सर्विलांस व मेनुअल पुलिसिंग के द्वारा अथक प्रयासों से उक्त अभियोग में संलिप्त अभियुक्त प्रवीण सिंह बर्थवाल को चन्द घण्टों के अन्दर दिनांक 09.06.2025 को रात्रि में यमुनानगर हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारशुदा अभियुक्त आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेशकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम:
1. उपनिरीक्षक जयपाल सिंह चौहान (प्रभारी – CIU)
2. उपनिरीक्षक दिनेश कुमार
3. उपनिरीक्षक सुशील चौधरी
4. आरक्षी हरीश (CIU)
5. आरक्षी अमरजीत (CIU)
6. आरक्षी सुरेश शाह (363, ना. पु.)
