
पहाड़ का सच देहरादून।
नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक मानसिक रूप से कमजोर किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। किशोरी की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसके पति सुबह ही मजदूरी करने के लिए चले जाते हैं। महिला भी सुबह ही घरों में काम करने के लिए निकल जाती है और शाम को घर आती है। उनकी नाबालिग बेटी दिव्यांग (मानसिक रूप से कमजोर) है और दिन में घर पर अकेली रहती है। 20 मई को दोपहर को फोन आया कि उनके घर से कोई व्यक्ति निकला है। महिला के घर पहुंचने पर बेटी रो रही थी और पूछने पर उसने बताया कि उसके साथ किसी ने दुष्कर्म किया है। बेटी से जब और पूछताछ की गई तो उसने बताया कि 2 महीने से दो-तीन बार एक व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया है।
थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी संजीत कुमार ने बताया है कि महिला की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
