
पहाड़ का सच, देहरादून।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने दिनांक 30 अप्रैल को देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित होने वाली ’’संविधान बचाओ’’ रैली का नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सहप्रभारी परगट सिंह एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ रैली स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री नवीन जोशी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी द्वारा पूरे देश में संविधान बचाओ रैलियों का आयोजन किया जा रहा है तथा इसी के तहत दिनांक 30 अप्रैल 2025 को राजधानी देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में विशाल ’’संविधान बचाओ’’ रैली का अयोजन किया गया है । जिसमें पूरे प्रदेश से कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा पिछले कई दिनों से रैली के सफल आयोजन हेतु जोरदार तैयारियां शुरू की गई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ आज रेंजर्स ग्राउंड रैली स्थल का दौरा कर रैली की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि रैली में प्रदेशभर के हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री करन माहरा ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संविधान बचाओ रैली में भारी संख्या में पहुंचने का आह्रवान किया है ताकि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा की केन्द्र व राज्य सरकारों द्वारा देश के संविधान के साथ किये जा रहे खिलवाड़ तथा केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक दुरूपयोग करने का संदेश घर-घर पहुंचाया जा सकें।
रैली स्थल पर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के साथ नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक एवं सहप्रभारी परगट सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, विधायक लखपत बुटोला, कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, महानगर अध्यक्ष डॉ0 जसविन्दर सिंह गोगी, गोपाल सिंह गडिया, मोहन काला, जगदीश धीमान, दिनेश कौशल आदि अनेक कांग्रेस नेता मौजूद थे।
