
पहाड़ का सच/एजेंसी।
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां शादी की 25वीं सालगिरह का जश्न मातम में बदल गया। 50 साल के वसीम सरवत अपनी पत्नी के साथ नाच रहे थे। नाचते-नाचते वे अचानक मंच पर गिर पड़े। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि उन्हें हार्ट अटैक आया था।
यह घटना एक मैरिज हॉल में हुई। वसीम और उनकी पत्नी फराह अपनी शादी की सिल्वर जुबली मना रहे थे। उन्होंने एक पार्टी रखी थी। पार्टी में कई मेहमान आए थे। वसीम जूते का व्यापार करते थे।दोनों मंच पर डांस कर रहे थे कि अचानक वसीम के गिरने से सब लोग हैरान रह गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वसीम और फराह नाचते हुए दिख रहे हैं। नाचते हुए अचानक वसीम गिर जाते हैं। आसपास के लोग उन्हें उठाने के लिए दौड़ते हैं, लेकिन वे कोई प्रतिक्रिया नहीं देते।
