
– 23 मार्च को तीन साल का कार्यकाल पूरा करेगी धामी सरकार
– भाजपा को इसी महीने मिल सकता है नया प्रदेश अध्यक्ष
– नए मुख्य सचिव की होगी नियुक्ति, 31मार्च को राधा रतूड़ी का कार्यकाल होगा समाप्त, वरिष्ठता क्रम में एसीएस आनंद बर्द्धन की सीएस बनने की प्रबल संभावना
पहाड़ का सच देहरादून।
राजनीतिक और प्रशासनिक रूप से सत्तारूढ़ भाजपा के लिए मार्च का महीना अहम होगा। 23 मार्च को धामी सरकार का तीन साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। इसी दौरान धामी सरकार नए मुख्य सचिव का ऐलान करेगी जबकि भाजपा नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर सकती है। सत्तारूढ़ दल के लिए मार्च व अप्रैल का महीना काफी अहम होने जा रहा है।
23 मार्च को पूरे होंगे धामी सरकार के तीन साल
23 मार्च को सीएम पुष्कर सिंह धामी अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लेंगे। तीन साल का कार्यकाल पूरा होने की खुशी में सरकार जश्न मनाने की तैयारी में है। इस दौरान सरकार अपनी तीन साल की कामयाबी के साथ अगले दो साल के शेष कार्यकाल के लिए भावी एजेंडे व टारगेट का ऐलान कर 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मोड में आ जाएगी।
इसी महीने होगी नए मुख्य सचिव की नियुक्ति
भाजपा सरकार को इसी महीने मुख्य सचिव का नाम तय करना है। मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी का सेवा विस्तार 31 मार्च को खत्म हो जाएगा। सरकार उन्हें दो बार सेवा विस्तार दे चुकी है। बताया जा रहा है कि उन्होंने सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त के पद के लिए आवेदन किया है। ऐसी स्थिति में उनके एक बार और सेवा विस्तार की संभावना कम है। बावजूद इसके यदि सरकार ने कोई नया प्रयोग नहीं किया तो वरिष्ठता के आधार पर अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के मुख्य सचिव बनने की प्रबल संभावनाएं हैं। चूंकि 1997 बैच के दो ias अधिकारी एल फ़नई व आर के सुधांशु की सेवा अभी 30 साल नहीं हुई है और वे दोनों अभी एसीएस ग्रेड में भी नहीं आए हैं।
संभवतया नया प्रदेश अध्यक्ष भी इसी महीने
भाजपा अपने सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया आधी से ज्यादा पूरा कर चुकी है। अब उसे प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव करना है। अधिकांश मंडलों के अध्यक्ष और 18 सांगठनिक जिलों के अध्यक्ष घोषित हो चुके हैं। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के दिशा-निर्देशों का इंतजार है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस महीने के आखिर या अप्रैल महीने के पहले हफ्ते तक प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है।
एक साथ कई तैयारियां
सरकार ने नए वितीय वर्ष को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। एक अप्रैल से नए वितीय वर्ष की शुरुआत होगी। 30 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। इस महीने के अंत तक धामी सरकार चारधाम यात्रा की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे देगी।
इस महीने के आखिर तक कैबिनेट विस्तार की संभावनाएं जताई जा रही हैं। माना जा रहा है कि सीएम धामी मंत्रिमंडल के साथ दायित्व आवंटन को लेकर भी निर्णय ले सकते हैं।
