– देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया भाजपा महानगर कार्यालय कूच, रुद्रप्रयाग ब्लॉक कार्यालय अगस्त्यमुनि में दिया धरना
पहाड़ का सच देहरादून/रुद्रप्रयाग।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को लेकर दिए गए बयान के बाद कांग्रेसियों में आक्रोश है। कांग्रेस देशभर में प्रदर्शन कर रही है । उत्तराखंड कांग्रेस ने भी इस मामले को लेकर प्रदेश के अलग अलग जिलों में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंका।
देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध में भाजपा महानगर कार्यालय की तरफ कूच किया। मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को बेरियर लगाकर रोक दिया। इस दौरान कांग्रेसी बैरियर पर चढ़ गए। वे गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग करने लगे। इसके बाद कांग्रेसी वापस कांग्रेस मुख्यालय की ओर लौट गए। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि देश के गृहमंत्री ने संसद में खड़े होकर बाबा साहब और संविधान का अपमान किया है। ऐसे में अमित शाह को गृहमंत्री बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा देकर देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
रुद्रप्रयाग में भी कांग्रेसियों ने अमित शाह के माफी मांगने तथा त्याग पत्र देने की मांग को लेकर ब्लॉक कार्यालय में धरना दिया। ब्लॉक कार्यालय अगस्त्यमुनि में भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति के नीचे धरना दिया। पूर्व विधायक मनोज रावत के नेतृत्व में धरना देते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान, अमित शाह इस्तीफा दो, नारे लगाये।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा संविधान निर्माता डॉ अम्बेडकर पर गृहमंत्री द्वारा की गई टिप्पणी के बाबजूद प्रधानमंत्री मोदी ने भी चुप्पी साध ली है। यह भाजपा का चाल और चरित्र दर्शाता है। गृह मंत्री के मुख से निकले बोल भाजपा की पिछड़ों के प्रति मानसिकता को दिखाता है। उन्होंने कहा भाजपा संविधान निर्माता डॉ अम्बेडकर की गरिमा को नष्ट कर रही है। कांग्रेसी इस मामले में चुप्प नहीं रहेंगे।
हरिद्वार। महानगर कांग्रेस ने देवपुरा चौक पर केन्द्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर राहुल गांधी के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराने का आरोप लगाया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और मुरली मनोहर ने कहा कि भाजपा सरकार अमित शाह की बाबा साहेब को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी से बचने के लिए जनता का ध्यान भटकाना चाहती है। .
इसी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।पूर्व विधायक रामयश सिंह और महेश प्रताप राणा ने कहा कि सरकार राहुल गांधी पर झूठा मुकदमा दर्ज कराकर लोकतंत्र को कुचलने का काम कर रही है। वरुण बालियान और राजीव भार्गव ने कहा कि राहुल गांधी लगातार अडानी के भ्रष्टाचार को लेकर, मणिपुर हिंसा को लेकर, बाबा साहेब के अपमान को लेकर मुखर हैं। इसलिए सरकार राहुल गांधी के खिलाफ षड्यंत्र कर रही है और लोकतंत्र की आवाज को दबाना चाहती है।
चंपावत। मोटर स्टेशन चंपावत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री ने 18 दिसंबर को राज्यसभा में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर पर अपमानजनक टिप्पणी की है। उन्होंने बयान को दलित और संविधान विरोधी बताते हुए गृहमंत्री से माफी मांगने को कहा है।